This report has been reviewed.

पीएम ने कहा कि भारत के प्लांट्स से निकलने वाली सेमीकंडक्टर चिप्स अब देश और दुनिया के बाजारों तक पहुंचने लगी हैं। उन्होंने सितंबर में जारी तिमाही GDP रिपोर्ट का जिक्र करते हुए कहा कि चुनौतीपूर्ण दौर में भी भारत ने 7.8% की ग्रोथ हासिल की। इसी दौरान जापान की क्रेडिट रेटिंग एजेंसी ने भारत की सॉवरेन रेटिंग अपग्रेड की, जो करीब 35 साल बाद हुआ है।
पीएम ने कहा- सेमीकंडक्टर सेक्टर ऐसा नहीं है कि फैक्ट्री लगाई और काम पूरा हो गया। इसमें टेक्नोलॉजिकल कैपेबिलिटी बनाने में दशकों लगते हैं। लेकिन भारत ने चिप डिजाइन, मैन्युफैक्चरिंग, इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरिंग, टेस्टिंग कैपेबिलिटी पर एकसाथ काम किया और सफलता हासिल की है।
1. सेमीकंडक्टर मिशन का दूसरा फेज शुरू: मोदी ने कहा कि भारत ने सेमीकंडक्टर मिशन का दूसरा फेज लॉन्च किया है। पहले फेज की वैल्यू करीब 70,400 करोड़ रुपए थी, जबकि दूसरे फेज के लिए 1.18 लाख करोड़ रुपए का लक्ष्य रखा गया है।
2. AI के लिए नई टेक्नोलॉजी पर जोर: पीएम ने कहा कि कंपाउंड सेमीकंडक्टर के मैन्युफैक्चरिंग से लेकर सिलिकॉन फोटोनिक्स को इकोसिस्टम में शामिल करना जरूरी है। ये सभी चीजें AI को सक्षम बनाने वाले इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए जरूरी हैं।
3. सेमीकंडक्टर सप्लाई चेन मजबूत करने पर फोकस: मोदी ने कहा कि भारत सप्लाई चेन को मजबूत करने पर जोर दे रहा है और इसके लिए कई रिफॉर्म किए गए हैं। उन्होंने इक्विपमेंट कंपनियों के नेताओं से इन अवसरों का फायदा उठाने की अपील की।
4. विदेशी कंपनियों के लिए सहयोग के नए रास्ते: उन्होंने कहा कि अब इंटरनेशनल कंपनियां भारतीय स्टार्टअप्स, डिजाइन फर्म्स और OCI के स्वामित्व वाली संस्थाओं के साथ सहयोग कर सकती हैं। सरकार पॉलिसी, फंडिंग और रेगुलेटरी फ्रेमवर्क के स्तर पर जरूरी कदम उठा रही है।
5. सप्लाई चेन के लिए भारत की सफलता महत्वपूर्ण: पीएम ने कहा कि जब भारत जैसा देश किसी बड़ी इंडस्ट्री में सफलता हासिल करता है, तो इससे पूरी वैश्विक सप्लाई चेन को मजबूती मिलती है। आज जब सप्लाई चेन को हथियार बनाया जा रहा है, इसका महत्व और बढ़ जाता है।
6. सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री में ऊर्जा सुरक्षा भी जरूरी: मोदी ने कहा कि AI के लिए बनाई जा रही चिप्स का इस्तेमाल AI डेटा सेंटर में हो रहा है। इनमें हजारों हाई-परफॉर्मेंस प्रोसेसर एक साथ बड़ी मात्रा में डेटा प्रोसेस करते हैं, इसलिए ऊर्जा सुरक्षा भी अहम है।
7. युवाओं से भारत में रिसर्च से जुड़ने की अपील: मोदी ने भारत में रिसर्च कर रहे युवाओं से आगे आने और विदेशों में रिसर्च कर रहे युवाओं से भारत में एडवांस टेक्नोलॉजी के विकास से जुड़ने की अपील की।
8. उद्योगों से देश में R&D बढ़ाने को कहा: पीएम ने इंडस्ट्री लीडर्स से भारत में रिसर्च और डेवलपमेंट को आगे बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे उद्योग को फायदा होगा और देश की युवा शक्ति को भी मजबूती मिलेगी।
9. भारत में चिप डिजाइन और बौद्धिक संपदा बनाने पर जोर: मोदी ने कहा कि भारत में फैबलेस कंपनियां बढ़ें और चिप से जुड़ी बौद्धिक संपदा भी यहीं तैयार हो। कंपाउंड सेमीकंडक्टर और सिलिकॉन फोटोनिक्स पर भी आगे बढ़ने की जरूरत है।
10. ‘टेप-आउट’ के बाद अगली चिप पर काम शुरू: पीएम ने समझाया कि डिजाइन पूरा होने के बाद चिप को उत्पादन के लिए भेजने को ‘टेप-आउट’ कहा जाता है। लेकिन इसके बाद काम खत्म नहीं होता, बल्कि अगली बेहतर चिप बनाने का काम उसी दिन शुरू हो जाता है।
600+ कंपनियां और 40+ देशों के प्रतिनिधिमंडल होंगे शामिल
17 से 19 सितंबर तक चलने वाले सेमीकॉन इंडिया 2026 की थीम ‘सिलिकॉन से सिस्टम तक: इकोसिस्टम का निर्माण’ है। इसमें सेमीकंडक्टर कंपनियों के साथ निवेशक, रिसर्चर, स्टार्टअप, शिक्षाविद और छात्र शामिल होंगे।
खास आकर्षण ‘सैंड टू सिलिकॉन टू सिस्टम्स’ होगा, जहां चिप बनने से लेकर तैयार इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम तक का पूरा प्रोसेस दिखाया जाएगा।
इस बार 600 से ज्यादा प्रदर्शक, जिनमें करीब 300 अंतरराष्ट्रीय कंपनियां शामिल हैं, हिस्सा ले रहे हैं। 40 से ज्यादा देशों के प्रतिनिधिमंडल भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
एएसएमएल, एप्लाइड मैटेरियल्स, टेराडाइन, इन्फिनियन, एनएक्सपी, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स, माइक्रॉन, लैम रिसर्च, सीजी पावर, एडवांटेस्ट और टोक्यो इलेक्ट्रॉन जैसी कंपनियां यहां निवेश, तकनीक, सप्लाई चेन और कारोबारी साझेदारी पर चर्चा करेंगी।
प्रदर्शनी में जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, नीदरलैंड, सिंगापुर और स्वीडन के छह कंट्री पवेलियन होंगे। इसके अलावा कई भारतीय राज्यों के पवेलियन भी लगाए जाएंगे।
भारत में 12 सेमीकंडक्टर प्रोजेक्ट्स को मंजूरी
देश में सेमीकंडक्टर निर्माण को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने अब तक 12 प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी है। सरकार के मुताबिक, इनमें से पहले चरण में मंजूर तीन इकाइयों में व्यावसायिक उत्पादन शुरू हो चुका है।
केंद्र ने सेमीकॉन 2.0 को भी मंजूरी दी है। इसका फोकस देश में सेमीकंडक्टर से जुड़े इकोसिस्टम को आगे बढ़ाने पर है।
चिप डिजाइन पर भी फोकस
सरकार के मुताबिक, 400 से ज्यादा शैक्षणिक संस्थानों और 105 स्टार्टअप्स को इलेक्ट्रॉनिक डिजाइन ऑटोमेशन यानी EDA टूल्स उपलब्ध कराए गए हैं।
इसके अलावा 24 स्टार्टअप्स को डिजाइन लिंक्ड इंसेंटिव यानी DLI योजना के तहत मंजूरी मिली है। इसके जरिए देश में चिप डिजाइन और इससे जुड़ी तकनीक पर काम करने वाले स्टार्टअप्स को बढ़ावा दिया जा रहा है।
सेमीकंडक्टर क्यों जरूरी है?
सेमीकंडक्टर की बढ़ती जरूरत को देखते हुए भारत चिप डिजाइन, निर्माण, पैकेजिंग और इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम तक अपनी क्षमता विकसित कर रहा है।
इसका उद्देश्य चिप की सप्लाई के लिए दूसरे देशों पर निर्भरता कम करना और देश में इस क्षेत्र से जुड़े कारोबार और तकनीक को बढ़ावा देना है।
- Source




