This report has been reviewed.
कोलकाता के मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित पांच मंजिला इमारत में मंगलवार रात करीब 1:45 बजे भीषण आग लग गई। इमारत के अंदर कई होटल संचालित हो रहे थे और आग लगने के समय ज्यादातर लोग सो रहे थे।
हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों में दो महिलाएं और एक 4 साल का बच्चा भी शामिल है। सभी मृतक बेहोशी की हालत में मिले थे। हादसे में 6 लोग घायल हुए हैं, जबकि करीब 80 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
मृतकों में भारतीय नागरिकों के साथ कुछ बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस फिलहाल सभी मृतकों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
धुएं से दम घुटने की वजह से गई जान
आग लगने के बाद पूरी इमारत में तेजी से धुआं भर गया। उस समय होटल में मौजूद ज्यादातर लोग सो रहे थे। घना धुआं ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने के कारण कई लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई।
कई लोग इमारत के अंदर फंस गए थे, जिसके बाद पुलिस, दमकल और डिजास्टर मैनेजमेंट टीमों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
दमकल की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
घने धुएं के कारण रेस्क्यू में आई परेशानी

दमकलकर्मियों को इमारत की ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। आग के साथ इमारत के अंदर घना धुआं भर गया था।
आग पर फिलहाल काबू पा लिया गया है, लेकिन इमारत काफी गर्म होने के कारण कूलिंग ऑपरेशन जारी है। राहत और बचाव दल यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि अंदर कोई और व्यक्ति फंसा न हो।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
पश्चिम बंगाल के फायर डिपार्टमेंट मंत्री कौशिक चौधरी ने घटनास्थल का दौरा किया। शुरुआती जांच के आधार पर उन्होंने आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई है।
हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि आग की वास्तविक वजह की पुष्टि फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो पाएगी।
मंत्री ने इमारत के अंदर की स्थिति पर भी चिंता जताई। उनके मुताबिक, वहां कई होटल संचालित हो रहे थे और बुनियादी सुरक्षा तथा निर्माण नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल सामने आए हैं।
होटल संचालन में भी अनियमितताओं की जांच

इमारत में चल रहे होटल और वहां की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल उठ रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, आग से संबंधित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन और पुलिस की टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं।
बिल्डिंग मालिक फरार, केस दर्ज करने की तैयारी
पुलिस के मुताबिक, इमारत का मालिक फिलहाल फरार है। न्यू मार्केट थाने में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस मालिक की तलाश में उसके घर समेत कई संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। जांच में आग लगने की वजह के साथ-साथ बिल्डिंग में सुरक्षा नियमों के पालन और कथित अनियमितताओं की भी जांच की जाएगी।
दो दिन पहले बीरभूम के होटल में भी लगी थी आग
पश्चिम बंगाल में यह घटना ऐसे समय हुई है जब सिर्फ दो दिन पहले बीरभूम जिले में तारापीठ मंदिर के पास एक होटल में आग लगी थी।
17 अगस्त को हुए इस हादसे में 9 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 9 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। उस मामले में भी शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग की संभावित वजह बताया गया था।
लगातार सामने आ रही आग की घटनाओं के बाद होटल और व्यावसायिक इमारतों में फायर सेफ्टी और सुरक्षा नियमों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
- Source




